अमेठी सिटी। गौरीगंज होकर लखनऊ सहित अन्य स्टेशनों की यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी ट्रेनों के निरस्त होने संग लेट चलने से बढ़ी हुई है। शनिवार को पुरी-दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनें निरस्त रहीं। इतना ही नहीं वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस लखनऊ के बजाय सिर्फ रायबरेली तक ही संचालित हुई। प्रयागराज पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनों का भी परिचालन विलंब से हुआ। इससे यात्रियों को परेशानी हुई।
लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलखंड पर संचालित पुरी-दिल्ली नीलांचल एक्सप्रेस, राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस, आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस और देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन शनिवार को निरस्त रहा। दिल्ली की यात्रा करने वाले मुसाफिर स्टेशन पहुंचे तो नीलांचल एक्सप्रेस के निरस्त होने की जानकारी हुई तो उनकी चिंता बढ़ गई। आरक्षित टिकट निरस्त करवा कर प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करने के बाद देर शाम मजबूरी में भीड़ के बीच काशी विश्वनाथ और पद्मावत एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
इसी तरह अर्चना एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले लोगाें को तो अपनी यात्रा ही स्थगित करनी पड़ी। वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के रायबरेली तक संचालित होने से दैनिक यात्रियों को सड़क मार्ग से लखनऊ की यात्रा करनी पड़ी। इसके साथ ही योगनगरी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस ढाई घंटे तो भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से गौरीगंज आई।
लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर दो घंटे तो पंजाब मेल डेढ़ घंटे देरी से गौरीगंज आई। अन्य ट्रेनों का भी परिचालन विलंब से हुआ। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि ट्रेनें अपरिहार्य कारण से विलंब से संचालित हुईं।