फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: गुस्साए चिकित्सकों ने हड़ताल कर किया प्रदर्शन

Sun, 02 Mar 2025 12:47 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ दो दिन पूर्व हुई अभद्रता और मारपीट किए जाने से नाराज चिकित्सकों ने शनिवार को हड़ताल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले के साथ अन्य जनपदों से इलाज कराने आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन



मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल में बुधवार रात कार्डियोलॉजिस्ट विभाग में ऑपरेशन के दौरान गौरीगंज के मऊ निवासी बुजुर्ग शिवराम मिश्र की मौत हो गई थी। चिकित्सकों का आरोप है कि मौत की सूचना जब अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजय द्विवेदी ने दी तो मृतक के परिजनों ने चिकित्सक के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना सीसीटीवी में कैद है। तहरीर देने के बाद भी केस नहीं दर्ज हुआ, जिससे चिकित्सक के साथ हुई घटना से आक्रोशित संजय गांधी अस्पताल के सभी चिकित्सकों ने बुधवार को बैठक कर 11 बजे से हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान चिकित्सकों ने प्रदर्शन भी किया।


हड़ताल कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि बीते कई वर्षों से वह अस्पताल में मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल में विशेष सेवाओं के साथ जिले का इकलौता कार्डियोलॉजी व कैंसर विभाग संचालित है। आसपास के कई जिलों के मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचते हैं। दो दिन पूर्व हुई घटना से चिकित्सकों व कर्मियों में भय है। डॉ. सिद्धार्थ अजय ने बताया कि प्रशासन की ओर से सुरक्षा मुहैया कराई जाए और आरोपियों के विरुद्ध जांच कर केस दर्ज किया जाए, जिससे ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। कहा कि जब तक उन्हें आश्वासन नहीं मिलता है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
विज्ञापन



चिकित्सकों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल आए मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़े। ऐसे में तमाम मरीजों को परेशानियाें का सामना करना पड़ा। इस दौरान डॉ. चेतन तिवारी, डॉ. सिद्धार्थ अजय, डॉ. मीना शर्मा, डॉ. अमित गोंड, डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. धर्मेंद्र मिश्र, डॉ. विजय सिंह, डॉ. प्रशांत द्विवेदी, डॉ. सुधा, डॉ. संजय सिंह, डॉ. दीपक मिश्र, डॉ. छाया सहित अन्य चिकित्सक व कर्मी मौजूद रहे।


वार्ता का कर रहे प्रयास
अस्पताल के सीओओ अवधेश शर्मा ने बताया कि अस्पताल की ओर से चिकित्सक के साथ अभद्रता व मारपीट, महिला नर्सिंग स्टॉफ घायल होने आदि के संबंध में तहरीर दी गई है। कार्रवाई नहीं होने व सुरक्षा आदि की मांग को लेकर चिकित्सकों के हड़ताल पर जाने की सूचना मिली है। चिकित्सकों और प्रशासन के साथ वार्ता कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें