गौरीगंज (अमेठी)। बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित किया जाता है। जिले में ऐसे युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए 11 संस्थाएं नामित करते हुए उन्हें लक्ष्य आवंटित किया गया था। सीडीओ के निरीक्षण में चार संस्थाओं द्वारा प्रशिक्षण देने की प्रगति शून्य मिली। नाराज सीडीओ ने शासन को चारों संस्थाओं को ब्लैक लिस्ट करने के लिए स्वीकृति के साथ पत्र भेजा है।
जिले को वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 3642 लाभार्थियों को ऐसी ही 11 संस्थाओं द्वारा प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए नामित किया गया था। सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर ने बुधवार को समीक्षा की तो लक्ष्य सापेक्ष सात संस्थानों द्वारा ही प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण पाया गया। चार संस्थानों एम ऑफ पीपल, अपोलो मेडिकल स्किल, फ्रंटलाइन एनसीआर बिजनेस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड तथा रघुवीर महिला एवं बाल जन कल्याण समिति की प्रगति शून्य पाई गई।
नाराज सीडीओ ने उक्त संस्थानों को ब्लैक लिस्ट कराने के लिए मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन लखनऊ को अपनी स्वीकृति के साथ पत्र भेजा है। सीडीओ ने जिला समन्वयक राजीव कुमार पाठक को नियत समय के भीतर सभी युवाओं तथा आवेदन प्राप्त लाभार्थियों को उनके सेक्टर के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए समय-समय पर समीक्षा कर अवगत कराने का निर्देश दिया है। यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि लाभार्थियों को प्लेसमेंट में रोजगार उपलब्ध होने के अवसर प्राप्त होते रहें।