अमेठी सिटी। रामगंज पुलिस ने सोमवार को गोवंश तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस और पिकअप बरामद हुई।
जौनपुर जनपद के जलालपुर के मकहा चौराहा निवासी मुमताज उर्फ सूरज, झारखंड के जनपद हजारीबाग के घसकोड़ी गांव निवासी आकाश चौधरी, बिहार के जनपद कैमूर निवासी विकास यादव और चंदौली जनपद के कैथी टड़ियावा निवासी विनय यादव को रामगंज कस्बे के पास पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि पूछताछ में मुमताज ने स्वीकार किया कि 11 सितंबर की रात वह अपने साथियों सेराज उर्फ बब्बू निवासी सुल्तानपुर, मनीष उर्फ मिंटू यादव निवासी चंदौली और आकाश चौधरी निवासी झारखंड के साथ पिकअप में गोवंश लादकर प्रतापगढ़ की ओर बढ़ रहा था।
रामगंज क्षेत्र में चेकिंग देखकर पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद बदमाशों ने पिकअप रोककर उसमें लदे गोवंश को छोड़ दिया और मौके से हट गए। मुमताज ने बताया कि सेराज और मनीष स्थानीय स्तर पर गोवंश एकत्र करवाते हैं, जबकि विकास यादव और विनय यादव गाड़ी की व्यवस्था कर तस्करी करते हैं। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है और अन्य की तलाश जारी है।