अमेठी सिटी। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शनिवार को गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में शोकसभा हुई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की मौजूदगी में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान कांग्रेस पार्टी का ध्वज भी पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में झुकाया गया।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह उन राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन के क्षेत्र में समान व सहजता से काम किया।
उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के सुधार में अहम भूमिका निभाई। वह अपनी बेदाग राजनीति और विनम्रता के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र, राजकरन, अनिल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, रजवाड़ी पासी, रमाकांती आदि माैजूद थे।