भादर (अमेठी)। हफ्ता भर पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल सेना के जवान की गुरुवार देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जवान का शव गांव पहुंचा तो शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
त्रिसुंडी गांव निवासी कौशल कुमार सिंह (26) वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। इन दिनों उनकी तैनाती झांसी में स्पेशल मिसाइल तकनीकी नायक पद पर थी। कौशल 21 मई को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए आए थे।
गांव के पास स्थित मैरिज लॉन में शादी समारोह में शामिल होकर रात नौ बजे एक साथी से मुलाकात करने के लिए बाइक से प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर बाजार जा रहे थे। प्रतापगढ़ बॉर्डर पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जवान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया, जहां से कमांड हॉस्पिटल लखनऊ रेफर कर दिया गया।
कमांड अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार शाम उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह सेना के जवान कौशल का पार्थिव शरीर लेकर उनके गांव पहुंचे। गांव में ही स्थित मुक्तिधाम पर सैन्य कर्मी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक कौशल के पिता स्व. रायसाहब सिंह सीआरपीएफ में थे। बड़े भाई विपिन सिंह भी सेना में है। विवाहित बहन श्रद्धा सिंह यूपी पुलिस में एसआई हैं। छोटी बहन पूजा अभी पढ़ाई कर रही है। कौशल की मौत से मां कैलाशी व परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।