गौरीगंज (अमेठी)। खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित दर पर खाद व बीज मुहैया कराने के लिए गुरुवार को एक साथ जिले में उर्वरक की 35 दुकानों पर छापा मारकर जांच की गई। गड़बड़ी मिलने पर एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। पांच दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खाद व बीज की उपलब्धता के साथ ही कालाबाजारी को रोकने के लिए अपर मुख्य सचिव कृषि ने डीएम अरुण कुमार को पत्र भेजकर जिले में पर्याप्त उपलब्धता के साथ ही निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।
डीएम ने उप निदेशक कृषि की अगुवाई में चार सदस्यीय टीम गठित कर जांच करने का निर्देश दिया। गठित टीमों की ओर से शुक्रवार को जिले में 35 दुकानों पर छापा मारा गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस दौरान दुकानों पर उर्वरक व बीज की उपलब्धता, स्टाक के साथ ही अन्य प्रपत्रों व संसाधनों की जांच की गई। इस दौरान कस्थुनी बाजार में संचालित जायसवाल खाद एवं बीज भंडार पर स्टाक रेट बोर्ड, डिस्प्ले बोर्ड नहीं होने समेत कई खामियां मिलने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
तिलाई के हरिओम खाद भंडार व सागर बीज भंडार, कस्थुनी के जायसवाल फर्टिलाइजर्स कस्थुनी व शुभम फर्टिलाइजर तथा गौरीगंज के मधुसूदन फर्टिलाइजर्स पर भी कई खामी मिलने पर उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कहा कि इस दौरान 16 खाद व बीज के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।