जिला अस्पताल में ओपीडी के बाहर बैठकर इंतजार करते मरीज। संवाद
अमेठी सिटी। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में गर्मी के बीच मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 584 मरीजों का पंजीकरण हुआ। सर्दी-जुकाम, बुखार और खांसी के अलावा पेट दर्द, दस्त और सिर दर्द की शिकायत लेकर भी लोग पहुंचे। मरीजों की भीड़ के चलते लोगों को डॉक्टरों को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
सोमवार सुबह 10:20 बजे जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। परचा काउंटर से लेकर डॉक्टरों के कक्ष तक लोगों की आवाजाही बनी रही। कोई खांसी और गले में खराश की शिकायत लेकर पहुंचा तो कोई बुखार, पेट दर्द और जोड़ों की परेशानी से राहत पाने के लिए चिकित्सक को दिखाने आया। पंजीकृत मरीजों में हड्डी रोग और त्वचा संबंधी समस्याओं से परेशान लोग भी शामिल रहे।
गौरीगंज निवासी दिनेश तिवारी ने बताया कि उन्हें तीन दिन से बुखार और बदन दर्द है। गौरव पांच दिन से खांसी और गले में खराश से परेशान हैं। सुमित्रा ने सर्दी-जुकाम और सिर दर्द की शिकायत बताई, जबकि नीरज दस्त और कमजोरी से राहत पाने के लिए अस्पताल पहुंचे।
फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान बुखार और सर्दी-जुकाम की शिकायतें बढ़ सकती हैं। तबीयत खराब होने पर चिकित्सक से परामर्श लें और बिना सलाह एंटीबायोटिक दवाएं न लें। सांस लेने में परेशानी या लक्षण गंभीर होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। सीएमएस डॉ. रमेशचंद्र ने बताया कि ओपीडी और आपातकालीन सेवा में आने वाले मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में दवाएं उपलब्ध हैं।
सर्दी-जुकाम से बचाव के उपाय
-साबुन से नियमित रूप से हाथ धोएं।
-खांसते और छींकते समय मुंह व नाक ढकें।
-धूल और धुएं से बचें।
-पर्याप्त पानी पिएं और आराम करें।
-बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं न लें।