जगदीशपुर व जामो थाने की पुलिस को मिली सफलता
अमेठी सिटी। जिले की पुलिस को नशा मुक्त अमेठी अभियान के तहत बीते चौबीस घंटों के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने जगदीशपुर व जामो इलाके से छह स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर 266 ग्राम स्मैक व 17 ग्राम हेरोईन बरामद की है। बरामद स्मैक व हेरोईन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुताबिक करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। जगदीशपुर पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान रविवार की रात इलाके के निहालपुर मोड़ के पास से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनकी तलाशी के बाद सभी से 166 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान जगदीशपुर क्षेत्र के निहालपुर गांव निवासी दिलशाद व रेहान खान, इसी क्षेत्र के मोहिउददीनपुर गांव निवासी मो. नकीम उर्फ नोकी व शुकुल बाजार इलाके के पूरे गनेशी मजरे सेवरा गांव निवासी इश्तियाक उर्फ राजू के रूप में की गई है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए अभियुक्तों ने स्मैक तस्करी की बात कबूली है। अब पुलिस इनके तस्कर आकाओं की खोजबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
इसके अलावा जगदीशपुर पुलिस ने ही क्षेत्र के मोहिउददीनपुर गांव के मोड़ एक निजी स्कूल के पास से निहालपुर निवासी मो. अरबाज को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 17 ग्राम हेरोईन बरामद हुई है। इसी तरह जामो थाने की पुलिस ने क्षेत्र के जनापुर गांव निवासी सुमित सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 100 ग्राम स्कैम बरामद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर इसके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि सुमित बेहद शातिर है। उसके खिलाफ पहले से ही लखनऊ व अमेठी जनपद में करीब 10 जघन्य आपराधिक केस दर्ज हैं।