गौरीगंज थाने के अरगांव का मामला, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसीअमेठी। गौरीगंज थाने के अरगवां गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के सात लोग घायल हो गए। इस मामले में वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अरगवां गांव में शुक्रवार को विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडों से दोनों पक्षों में मार-पीट हुई। चीख-पुकार पर एकत्र ग्रामीणों ने पहुंचकर बीच बचाव कराया। मारपीट में एक पक्ष के शेर अली, साहब अली, शाहिद, आशमा, रजिया बानो, अल्फिया व अनस घायल हो गए। विवाद के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शेर अली की तहरीर पर मोइन समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट हुई है। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई कार्रवाई की जाएगी।