शाहगढ़। मुंशीगंज के मुराइन का पुरवा गरथोलिया गांव निवासी किसान जगदीश प्रसाद यादव (63) पर सोमवार को खेत में काम करने के दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घायल वृद्ध की सीएचसी शाहगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अनिल कुमार के मुताबिक सुबह उनके पिता जगदीश प्रसाद खेत में फसल की निराई करने गए थे। उसी समय अचानक मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने धुआं कर और कपड़े से ढककर किसी तरह उन्हें बचाया। घायल जगदीश प्रसाद को लेकर परिजन सीएचसी शाहगढ़ पहुंचे, लेकिन चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके। इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
जगदीश प्रसाद की मौत के बाद पत्नी रामरती का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटियां अनीता, पूनम, नीलम, सुषमा और उर्मिला बिलख रही हैं। बेटा अनिल गमगीन है। रिश्तेदार व ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। परिजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे।