अमेठी सिटी। गौरीगंज के डिंगुरे का पुरवा सराय हृदयशाह गांव में मायके आई विवाहिता रेखा (26) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह खेत में रेखा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
परिजनों के अनुसार रेखा की शादी भाले सुल्तान शहीद स्मारक के दिछौली गांव निवासी मंशाराम से हुई थी। होली के मौके पर वह अपने दो बच्चों के साथ मायके आई थीं। पिता सोमई ने बताया कि रविवार रात वह घर से बाहर गई थीं, लेकिन काफी देर तक नहीं लौटीं। सोमवार सुबह घर से कुछ दूर खेत में उसक लहूलुहान शव मिला। यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रेखा की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बेटे रीशू और अंश मां को पुकारते हुए रो रहे हैं। मां जयकला, भाई शारदा प्रसाद, विनोद और संतोष का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पति मंशाराम गमगीन हैं।
एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपियों की तलाश में चार टीमें दबिश दे रही हैं। एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि स्वाट, सर्विलांस और थाने की दो टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सिर पर चार व गले पर किए गए तीन वार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि रेखा के सिर पर तीन और गले पर दो वार धारदार हथियार से किए गए थे। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई है। हत्या से जुड़ी अहम जानकारियों के लिए डीएनए जांच के लिए नमूना लखनऊ भेजा गया है। पोस्टमार्टम डॉ. संदीप कुमार और डॉ. प्रणव गौतम ने वीडियो कैमरे की निगरानी में किया।
दिछौली गांव में होगा अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद रेखा का शव लेकर पति मंशाराम और परिजन दिछौली गांव रवाना हो गए। मंशाराम ने बताया कि रात में करीब 10 बजे पत्नी से फोन पर बात हुई थी, तब सब ठीक था। वह सुल्तानपुर के कुड़वार क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिली। मंगलवार को रेखा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कहां है मृतका का मोबाइल
रेखा का मोबाइल फोन घटनास्थल से नहीं मिला है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्यारे मोबाइल साथ ले गए। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इससे कई सवाल उठ रहे हैं कि रेखा खेत तक कैसे पहुंची और वहां क्या हुआ। हालांकि, कॉल डिटेल रिपोर्ट में रेखा की आखिरी बार बात अपने पति से ही हुई थी।