मुसाफिरखाना (अमेठी)। पूरे शिव दयाल मजरे दादरा गांव से बेटी को विदा कराकर ले जा रहे पिता सहित परिजनों की रास्ते में बाइक सवार लोगों ने रोककर पिटाई कर दी। इसके साथ वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के पूरे शिव दयाल मजरे दादरा गांव निवासी हरिप्रसाद के बेटे अभिषेक की शादी 12 फरवरी को मुंशीगंज थाना क्षेत्र के पूरे छत्ता गांव निवासी यदुनाथ की पुत्री से हुई थी। 13 तारीख को मायके से विदा होकर यदुनाथ की पुत्री पूजा ससुराल आई थी। बृहस्पतिवार को लड़की पक्ष के लोग बेटी को विदा करने पूरे शिवदयाल मजरे दादरा आये थे।
दोपहर बाद बेटी पूजा की विदाई कराकर लड़की पक्ष के लोग बमुश्किल दो किलोमीटर दूर ही पहुंचे ही थे, तभी पूरे रामफल पांडेय गांव के पास कुछ युवकों ने रास्ते में सड़क पर बाइक खड़ी कर वाहन को रोक लिया। जब तक लोग समझते तब तक युवकों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। विवाद के दौरान बोलेरो में तोड़फोड़ कर उसमें बैठे लोगों की पिटाई कर दी।
आसपास के लोग के पहुंचने पर बाइक सवार भाग खड़े हुए। पुलिस ने घायल यदुनाथ, विश्वनाथ, बृजेश कुमार समेत एक अन्य को अस्पताल पहुंचाया। एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। मामले की जांच हो रही है। जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।