इन्हौना कस्बे में आयोजित घुमंतू गौरव समागम में समाज कल्याण राज्यमंत्री काे माला पहला कर स्वागत
सिंहपुर। घुमंतू समाज के भूमिहीन परिवारों को जमीन और आवासीय अधिकार दिलाने के साथ उनके जरूरी दस्तावेज बनवाए जाएंगे। आधार कार्ड, आय और निवास प्रमाणपत्र बनवाकर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार को इन्हौना कस्बे के रामलीला मैदान में आयोजित घुमंतू गौरव समागम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि घुमंतू समाज के पुरखों ने आक्रांताओं और अंग्रेजों से लोहा लिया था। समाज का इतिहास संघर्ष और गौरव से भरा है। अब जरूरत है कि इस समाज के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। इसके लिए घुमंतू कल्याण बोर्ड के गठन के बाद घुमंतू विकास मिशन शुरू किया जाएगा। मिशन के तहत जरूरी दस्तावेज बनवाने में मदद मिलेगी, जिससे पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे।
भूमिहीन परिवारों को भूमि आवंटन और पट्टा वितरण से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी। असीम अरुण ने डॉ. आंबेडकर और लक्खी शाह बंजारा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने लक्खी शाह बंजारा के साहस और मानवता का उल्लेख करते हुए कहा कि घुमंतू समाज के योगदान और गौरवशाली इतिहास को सामने लाना जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि विमुक्त और घुमंतू समाज को मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है। तिलोई विधानसभा क्षेत्र में शिल्पकार समाज के लिए 450 आवास बनवाए गए हैं। अगले पांच साल में घुमंतू समाज के लोगों के लिए पांच हजार आवास बनवाने का प्रयास किया जाएगा। जिन लोगों के निवास प्रमाणपत्र नहीं बने हैं, उन्हें 15 से 20 दिन में जारी कराने का प्रयास होगा।
बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में आयोजक अब्दुल गनी बंजारा, सह आयोजक रवींद्र कुमार बारा, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, कृष्ण कुमार सिंह, अंकित पासी, शैलेश कुमार और कैप्टन सुभाष जोगी आदि मौजूद रहे।