जगदीशपुर (अमेठी)। औद्योगिक क्षेत्र के आवासीय सेक्टर की बिजली आपूर्ति शनिवार को करीब सात घंटे तक बाधित रही। दोपहर दो से शाम साढ़े चार बजे तक ब्लॉक लेकर पावर परिवर्तक के क्षमता वृद्धि के काम को ऊर्जा निगम ने पूरा कराया। काम पूरा होने के करीब सात घंटे बाद आपूर्ति मिलने पर उपभोक्ताओं ने राहत भरी सांस ली।
विद्युत उपकेंद्र कठौरा में रखे पांच एमवीए के पावर परिवर्तक की क्षमता वृद्धि कर 10 एमवीए को स्थापित किया गया। बिजली कटौती से क्षेत्र में उमस भरी गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को पानी की समस्या की किल्लत उठानी पड़ी। इस पावर स्टेशन से संचालित होने वाले यूपीसीडा आवासीय काॅलोनी कठौरा, अशरफगढ़, बीएचईएल टाउन शिप में 11 हजार लाइन के साथ-साथ मयूर टिंबर, अल्वी पैकेजिंग, मां दुर्गा इंटरप्राइजेज की बिजली आपूर्ति बंद रही। यहां से जुड़े लगभग 1400 उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विजय सिंह, आरडी लाल श्रीवास्तव, जेपी यादव, अखिलेश सिंह, ओम प्रकाश शुक्ला, रजनी श्रीवास्तव, प्रतिमा सिंह आदि ने बताया कि दिन में उमस भरी गर्मी में बच्चों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। पानी की समस्या भी बनी रही। अवर अभियंता आरवाई दूबे ने बताया कि दोपहर दो से रात आठ बजे तक काम चलने की उम्मीद है। बताया कि ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। गर्मी के चलते 12 के बजाय दो बजे से काम शुरू कराया गया।