जगदीशपुर (अमेठी)। ऊर्जा निगम की ओर से मंगलवार को औद्योगिक इकाइयों में दो घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। जिससे करीब 110 औद्योगिक इकाइयां बंद हो गई। जनरेटर व अन्य संसाधनों से उन्हें काम करना पड़ा। ऊर्जा निगम के अनुसार ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि के लिए चबूतरा निर्माण किया जा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र के इंडस्ट्रियल और कन्हैया फीडर से 110 इकाइयों का संचालन किया जाता है। लोड अधिक होने और उद्यमियों की मांग पर ऊर्जा निगम क्षमता वृद्धि कर रहा है। मंगलवार को दोनों फीडरों पर रखे पांच हजार एमवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर अस्थाई ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के लिए दोपहर बाद दो से चार बजे का ब्लाॅक लेकर काम पूर्ण करने के बाद आपूर्ति बहाल हुई।
जगदीशपुर के अधिशासी अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि पांच हजार एमवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 10 हजार एमवीए का लगाया जाना है, जिसके लिए चबूतरे का निर्माण चल रहा है, जिस पर क्षमता वृद्धि वाले ट्रांसफार्मर को रखा जाएगा।