फुरसतगंज सीएचसी में इलाज के लिए पहुंची कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तेंदुआ की छात्राएं
फुरसतगंज। बहादुरपुर के तेंदुआ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की आठ छात्राओं की सोमवार को तबीयत बिगड़ गई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें दवा देकर वापस भेज दिया गया।
वार्डन मंजू तिवारी छात्राओं नंदनी, मिश्बा, गुंजन, मान्या, अर्चना, वर्षा, सना समेत आठ छात्राओं को लेकर सीएचसी पहुंचीं। चिकित्सकों ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं दीं। डॉ. विनय वर्मा ने बताया कि छात्राएं मौसमी सर्दी-बुखार से पीड़ित थीं। जांच में किसी की हालत गंभीर नहीं मिली। सभी को दवा देने के साथ पर्याप्त आराम, समय पर दवा लेने, सफाई और पौष्टिक भोजन का ध्यान रखने की सलाह दी गई।
डीसी बालिका श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि एक छात्रा की पट्टी करानी थी, जबकि अन्य छात्राओं को दाने और फुंसी की सामान्य शिकायत थी। सभी का उपचार करा दिया गया है और सभी छात्राओं की हालत सामान्य है।