गौरीगंज (अमेठी)। शासन के निर्देश पर लॉकडाउन अवधि में विभिन्न शहरों से पैदल घर जा रहे श्रमिकों के जत्थों पर जिले में कुल आठ मुकदमे दर्ज किये गए थे। इन मुकदमों में कुल 100 श्रमिकों का नाम शामिल है। एसपी की ओर से न्यायालय को पत्र भेजकर इन मुकदमों को वापस लेने की बात कही गई है।
लॉकडाउन के दौरान जिले के फुरसतगंज, मुंशीगंज व कमरौली में एक-एक, गौरीगंज में दो तथा जायस में तीन मुकदमे जत्थे में पैदल जा रहे श्रमिकों पर दर्ज किए गए थे। शासन की ओर से श्रमिकों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने का निर्देश मिलने के बाद एसपी दिनेश सिंह ने कवायद शुरू कर दी है।
दर्ज आठ में से चार मुकदमों में चार्जशीट न्यायालय भेजी जा चुकी है तो अन्य चार थाना स्तर पर विवेचनाधीन हैं। एसपी ने न्यायालय को पत्र भेजकर ऐसे मुकदमों को वापस लेने तथा थाना व जिला स्तर पर विचाराधीन चार मुकदमों को समाप्त करने को कहा है।
एसपी ने बताया कि फुरसतगंज थाने में उन्नाव के सुनील कुमार समेत नौ, मुंशीगंज में सिद्धार्थनगर जा रहे जयराम समेत 12 तथा कमरौली में सुलतानपुर जा रहे बृजेश समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। गौरीगंज थाने में एक मुकदमा संग्रामपुर जा रहे विजयभान समेत छह तो दूसरा मुकदमा बिहार जा रहे चुन्नीलाल समेत दस लोगों पर दर्ज हुआ था।
जायस थाने में दर्ज तीन मुकदमों में प्रतापगढ़ जा रहे अमीन समेत 29, सुलतानपुर जा रहे हरीश समेत 16 तो रमेश कुमार समेत 15 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का केस दर्ज हुआ था। एसपी ने कहा कि सभी मुकदमों को वापस लेने की कार्रवाई की जा रही है।
व्यापारियों के संबंध में नहीं मिला आदेश
एसपी ने कहा कि लॉकडाउन उल्लंघन में व्यापारियों व जिले के अन्य लोगों के खिलाफ कुल 624 मुकदमे दर्ज हुए हैं। कहा कि इस संबंध में अभी शासन स्तर से कोई आदेश अभी प्राप्त नहीं हुआ है। कहा कि आदेश मिलते ही उनके भी मुकदमों को वापस लेने की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।