गौरीगंज (अमेठी)। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित आईजीआरएस पोर्टल पर 63 अफसरों के पास 248 संदर्भित शिकायतें लंबित पड़ी हैं। एडीएम ने सभी को नोटिस जारी कर तत्काल लंबित शिकायतें निस्तारित कर जवाब मांगा है।
दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पर शिकायतों के निस्तारण में जिले को प्रथम स्थान दिलाने के साथ शिकायत निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय है। शुक्रवार को एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान पोर्टल पर जिले के 63 अफसरों के पास 248 सदंर्भित जनशिकायतें लंबित मिलीं। जनशिकायतों के लंबित होने से नाराज एडीएम ने सभी को नोटिस के साथ लंबित शिकायतों का ब्योरा भेजा है। एडीएम ने सभी को लंबित शिकायत प्रत्येक दशा में शनिवार तक गुणवत्ता परक ढंग से निस्तारित करते हुए फरियादी से संतुष्टि प्रमाण पत्र लेकर पोर्टल पर अपलोड करने तथा जवाब देेने का निर्देश दिया है।
एडीएम ने शिकायत निस्तारित नहीं होने तथा शिकायत लंबित रहने से जिले की रैंकिंग खराब होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। एडीएम ने बताया कि 30 जनवरी तक पोर्टल पर प्राप्त शिकायत व निस्तारण के आधार पर प्रदेश स्तर पर रैंकिंग की जाती है। रैंकिंग में जिला लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करता आ रहा है। जनवरी माह में भी जिले को प्रथम स्थान दिलाने के साथ समय से गुणवत्ता परक ढंग से शिकायत निस्तारित कराने के लिए नियमित समीक्षा कर शिकायतें निस्तारित कराई जाती हैं।