अमेठी सिटी। ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्र को कोडीन सिरप मामले में मीडिया के सामने बयान देना महंगा पड़ गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए शासन स्तर से उन्हें निलंबित कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का निलंबन संबंधी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अभी इस संबंध में जिला प्रशासन को कोई आदेश नहीं मिला है।
कुछ दिन पहले तिलोई में एक मेडिकल स्टोर पर कोडीन युक्त कफ सिरप पकड़ा गया था। इसी मामले में उस मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने वाले एक अन्य मेडिकल स्टोर पर भी छापा पड़ा था। दोनों दुकानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच ड्रग इंस्पेक्टर कमलेश मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कार्रवाई से जुड़ी जानकारी साझा कर दी।
ड्रग इंस्पेक्टर का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। कुछ माह पहले मुंशीगंज में वाहन रोके जाने पर थाना प्रभारी से सड़क पर कहासुनी हुई थी। उस समय उनकी गाड़ी से शराब की बोतलें मिलने की भी बात सामने आई थी। इस घटना को लेकर भी विभाग की काफी किरकिरी हुई थी।
अभी नहीं मिला आदेश
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर के निलंबन की जानकारी मिली है, लेकिन शासन से आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।