गौरीगंज (अमेठी)। कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ योजनाओं को पारदर्शी ढंग से लागू कराने की कोशिश में जुटे डीएम ने शनिवार को एक्सईएन नलकूप कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभागीय एई अनुपस्थित मिले तो परिसर में गंदगी के साथ कई कमियां प्रकाश में आई। डीएम ने अनुपस्थित एई का एक दिन का वेतन रोकते हुए जवाब देने कर निर्देश दिया है।
शासन की ओर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित करने के साथ कार्यालय संचालन बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे डीएम अरुण कुमार ने शनिवार को एक्सईएन नलकूप कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण प्रगति की हकीकत परखी।
इस दौरान सहायक अभियंता प्रमोद कुमार तिवारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित मिले। कार्यालय से अनुपस्थित रहने पर डीएम ने एई का एक दिन का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस दौरान डीएम ने संचालित योजनाओं व आवंटित लक्ष्य की जानकारी लेते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर परिसर की साफ-सफाई नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्था में सुधार के साथ कार्यालय का संचालन बेहतर करने का निर्देश देते हुए विभागीय योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस मौके पर प्रभारी एक्सईएन अभिषेक पटेल समेत सभी कर्मी मौजूद रहे।