अमेठी। कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के घोषित सभी चार कंटेनमेंट जोन का बुधवार को डीएम व एसपी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सर्वे, सैनिटाइजेशन कार्य के साथ अन्य बचाव कार्य की हकीकत जांची। इस दौरान बनाए गए बार्डर पर तैनात कर्मियों को सिर्फ उन्हीं व्यक्ति व वाहनों को प्रवेश देने का निर्देश दिया जिनके पास अधिकृत पास हो।
लॉकडाउन फेज-3 में जिले में मिले 11 कोरोना मरीज मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने मुसाफिरखाना कस्बे के साथ छह राजस्व गांव, अमेठी कस्बे के छह वार्ड व तीन राजस्व गांव, बाजार शुकुल ब्लॉक के बदलगढ़ समेत 11 राजस्व गांव तथा गौरीगंज ब्लॉक के रोहसीखुर्द समेत 10 राजस्व गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है।
जोन में मेडिकल व आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलेवरी कराने के साथ सभी की स्क्रीनिंग व डाटा एकत्र करने की टीम गठित करते हुए पूरे इलाके को सैनिटाइज करने का निर्देश दिया है। बुधवार को डीएम अरुण कुमार व एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने रोहसी खुर्द व अमेठी कस्बे में निर्धारित कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम ने लोगों से गठित टीम का सहयोग करते हुए अपने-अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने, सर्तक रहने व घर की सीमा में रहने की अपील करते हुए सर्वे व स्क्रीनिंग तथा सैनिटाइज कार्य की हकीकत परखी।
डीएम ने इस दौरान सीमा पर बनाए गए बैरियर का निरीक्षण करते हुए कर्मियों को सिर्फ उन्हीं व्यक्ति या वाहन को प्रवेश देने का निर्देश दिया जिनके पास जिला प्रशासन की ओर से जारी अधिकृत पास हो। डीएम ने बिना पास क्षेत्र में प्रवेश मिलने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी है।