फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी: आज पीएम मोदी की जनसभा, जिले की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन

Thu, 24 Feb 2022 01:08 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन

गौरीगंज (संवाद)। सम्राट साइकिल फैक्टरी के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा गुरुवार को होनी है। कार्यक्रम संपन्न होने तक जिले की सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। छोटे वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। एसपी ने आदेश जारी कर संबंधित अफसरों को पालन कराए जाने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री की जनसभा के आसपास जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए पुलिस विभाग की व्यापक स्तर पर तैयारी की है।

विज्ञापन


एसपी दिनेश सिंह ने कार्यक्रम समाप्त होने तक जिले की सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया है। एसपी ने बताया कि जिले में आने वाले भारी वाहनों को जनपद की सीमा में प्रवेश करने से रोकने के लिए रायबरेली, प्रतापगढ़, बाराबंकी, सुल्तानपुर व अयोध्या की सीमा पर बैरियर बनाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। कहा कि ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों को जिले की सीमा में प्रवेश से पहले रोकने के लिए रायबरेली, प्रतापगढ़, बाराबंकी, सुल्तानपुर व अयोध्या से आने वाले मार्गों से संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में मजबूत बैरियर बनाकर सुबह पांच बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों को प्रतिबंधित करेंगे।

विज्ञापन

एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को किसी भी स्थिति में कोई भी भारी वाहन जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करने का निर्देश दिया है। बताया कि प्रधानमंत्री की जनसभा में भारी भीड़ एवं बड़ी संख्या में बस, ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन, मोटर साइकिल आदि के आने की संभावना है।

ऐसा रहेगा ट्रैफिक प्लान

अमेठी से मुंशीगंज, सुलतानपुर से मुंशीगंज, प्रतापगढ़ व अमेठी से मुंशीगंज, जगदीशपुर-मुसाफिरखाना होकर आने वाले रैली के वाहन मुंशीगंज से मुसाफिरखाना मार्ग पर होकर शाहगढ़ होते हुए मुसाफिरखाना मार्ग पर लाकर सैनिक स्कूल मार्ग सम्राट साइकिल फैक्टरी के बगल स्थित पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे। जायस की ओर से आने वाले रैली के वाहन गौरीगंज जामो तिराहे से बाएं मुड़कर आगे दयालपुर तिराहे से दाहिने नेता जी मार्ग पर कार्यक्रम स्थल से पहले पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।

प्रतापगढ़ से गौरीगंज सैंठा रोड से आने वाले वाहन सब्जी मंडी तिराहा गौरीगंज से तथा अमेठी से गौरीगंज होकर आ रहे वाहन जामो तिराहे से दाहिने दयालपुर होते हुए नेता रोड पर स्थित पार्किंग स्थल खड़ा कराए जाएंगे। जामो की तरफ से आने वाले रैली के वाहन गौरीगंज जामो मार्ग पर दयालपुर तिराहे से नेता रोड पर कार्यक्रम स्थल से पहले पार्किंगों में खड़े कराए जाएंगे।

एसपी की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रतापगढ़ सीमा पर संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सहजीपुर, प्रतापगढ़ के अठेहा की सीमा पर अमेठी थाना क्षेत्र के देवरी तथा प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर प्रतापगढ़ सीमा पर स्थित रामगंज थाना क्षेत्र के छीड़ा गांव के समीप बैरियर पर वाहन रोके जाएंगे। सुल्तानपुर जिले की सीमा पर स्थित मुंशीगंज थाना क्षेत्र के जामो-भादर चौराहे पर, इसी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के कस्बा अलीगंज व इसौली घाट पर भारी वाहन रोके जाएंगे।



अयोध्या सीमा पर स्थित जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आमघाट, बाजार शुकुल के रीछ घाट तथा बाराबंकी सीमा पर स्थित बाजार शुकुल के सुबेहा रोड तथा शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के चिलौली गांव के समीप बैरियर बनाए गए हैं। इसी तरह रायबरेली सीमा पर स्थित फुरसतगंज के ग्राम डिघिया, मोहनगंज के घूराडीह, जायस थाने के पूरे बक्शी जवाहरगंज तथा हाजीपुर के साथ ही प्रतापगढ़ सीमा पर गौरीगंज थाना क्षेत्र के ऐंठा गांव के समीप भारी वाहन रोके जाएंगे।

रायबरेली से सुल्तानपुर जाने वाले वाहनों को बहादुरपुर चौराहा से मोहनगंज चौराहा की तरफ मोड़कर वाया जगदीशपुर-मुसाफिरखाना की तरफ से भेजा जाएगा। रायबरेली, सलोन व नसीराबाद की तरफ से आने वाले वाहनों को जायस के जगदीशपुर तिराहा कस्बा से जगदीशपुर की तरफ मोड़ कर वाया मुसाफिरखाना होते हुए पार कराया जाएगा।

सुल्तानपुर से रायबरेली जाने वाले वाहनों को मुंशीगंज थाने के जामो-भादर चौराहा से मुसाफिरखाना, जगदीशपुर वाया जायस होकर पार कराया जाएगा। प्रतापगढ़ की तरफ से आने वाले वाहनों को अमेठी से ककवा, महराजपुर होते हुए रायबरेली की तरफ भेजा जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें