गौरीगंज (अमेठी)। जिले का पुलिस महकमा जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक व आधुनिक संसाधनों से लैस होगा। एसपी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी देते हुए आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। मंजूरी मिलने के बाद विभाग को दस कंप्यूटर व 16 प्रिंटर की आपूर्ति भी हो चुकी है।
पुलिस महकमे को आधुनिक संसाधनों से लैस करने के लिए एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पिछले दिनों अलग-अलग तिथियों में शासन को कई प्रस्ताव भेजा था। एसपी ने सभी थानों पर सभी कार्य ऑनलाइन कराने के लिए जिले को 20 कंप्यूटर, 21 प्रिंटर, पांच स्कैनर, दो फोटो कापियर तथा किसी भी बवाल के समय हर परिस्थितियों से निपटने व ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए 150 रायट कंट्रोल हेलमेट की खरीद का प्रस्ताव भेजा था।
शासन ने एसपी की ओर से भेज गए प्रस्ताव में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीद को स्वीकृति दे दी। अब तक पुलिस कार्यालय को दस कंप्यूटर व 16 प्रिंटर की आपूर्ति भी हो चुकी है। आपूर्ति के अनुसार आवश्यकता व मांग के अनुूरप थानों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मुहैया भी कराए जा रहे हैं। शासन से मंजूरी मिलने पर जल्द ही रायट हेलमेट की भी आपूर्ति जिले को मिल जाएगी। एसपी ने बताया कि कानून व्यवस्था प्रभावित होने के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मी कई बार बवाल के बीच पथराव आदि होने पर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं या फिर जान गंवा देते हैं। ऐसी स्थिति में रायट हेलमेट उन्हें बचाने में सहायक साबित होगा।
एसपी ने बताया कि रायट कंट्रोल हेलमेट विशेष रूप से तैयार किया जाता है। इसके शीशे पर लोहे की जाली तथा गर्दन व गले पर लोहे की प्लेट लगी होती है। ऐसे में पथराव आदि की स्थिति में मौजूद पुलिस अफसर व कर्मी का सिर तथा गर्दन पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। ऐसे में पुलिस कर्मी हेड इंजरी से पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
एसपी ने बताया कि थानों पर पूर्व से लगे 24 कंप्यूटर व 23 प्रिंटर रिपेयरिंग के लिए पुलिस कार्यालय पर मंगाए गए हैं। कहा कि उन्हें रिपेयर कर थानों को वापस भी किया जा रहा है। बताया कि इनमें से दस कंप्यूटर सही कर संबंधित थानों को भेज भी दिए गए हैं।