पनियार स्थित दुर्गापूजा पंडाल में आरती करते श्रद्धालु। स्रोत स्थानीय
अमेठी सिटी। दुर्गा पूजा महोत्सव में पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भक्त मां के दरबार में शीश झुकाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। सुबह से पूजन-अर्चन का सिलसिला चलता है, जबकि शाम को आरती और भक्ति गीतों से पंडालों में भक्तिमय माहौल बन जाता है।
जिले के विभिन्न कस्बों और बाजारों में सजे दुर्गा पूजा पंडालों में मां की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, जामों और संग्रामपुर सहित कई स्थानों पर श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। मां से सुख, शांति व समृद्धि का आशीर्वाद मांगते हैं। शाम को आरती के समय घंटियों की गूंज और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भक्ति गीत, धार्मिक प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। आयोजक समितियां दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं संभाल रही हैं।