गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसपी ने तीन थानों पर नए कोतवालों की तैनाती की है। स्थानांतरित सभी अफसरों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।
एसपी दिनेश सिंह ने रविवार रात स्थानांतरण बोर्ड की स्वीकृति के बाद छह प्रभारी निरीक्षकों का तबादला कर दिया। एसपी ने पुलिस लाइंस में तैनात एसएचओ विनोद कुमार सिंह को अमेठी, पुलिस लाइंस में तैनात एसएचओ अजीत विद्यार्थी को गौरीगंज तथा एसपी पीआरओ रहे बृजेश सिंह को मुसाफिरखाना का कोतवाल बनाया है।
गौरीगंज कोतवाल रहे एसएचओ संजय सिंह को वाचक पुलिस अधीक्षक, मुसाफिरखाना कोतवाल रहे परशुराम ओझा को क्राइम ब्रांच तथा गैर जनपद स्थानांतरित अमेठी कोतवाल श्याम सुंदर को रवानगी के लिए पुलिस लाइंस भेज दिया है।
एसपी ने स्थानांतरित सभी अफसरों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। एसपी ने बताया कि जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए स्थानांतरण किया गया है।