तिलोई (अमेठी)। मोहनगंज थानाक्षेत्र के कोची गांव में बृहस्पतिवार की सुबह तीन पहले ससुराल गए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका की है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है। मोहनगंज थानाक्षेत्र के बच्चू का पुरवा मजरे कोची गांव निवासी दीपक तिवारी (22) का विवाह 16 दिसंबर को रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के टांडा गांव की रहने वाली अनामिका से हुआ था। विवाह के पत्नी मायके गई तो तीन दिन पूर्व दीपक उसकी विदाई कराने के लिए ससुराल बाइक से गया था। उसका मोबाइल फोन भी बंद था।
बृहस्पतिवार की सुबह गांव के किनारे स्थित पेड़ से लटका दीपक तिवारी का शव मिला। पेड़ से दीपक का शव लटकता व पास उसकी बाइक खड़ी देखकर ग्रामीणों ने मामले की सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनका रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पेड़ से शव उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई शंकर कृष्ण तिवारी ने मृतक दीपक तिवारी के ससुराली जनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। भाई ने बताया कि मृतक दीपक तीन दिन से अपनी ससुराल में था। उसका फोन भी बंद था।
समाचार लिखे जाने तक परिजन की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। भाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर देने की बात कह रहा है। एसएचओ धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीक हो रहा है। परिजन व ससुराली पक्ष से भी पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।