अमेठी। निजी ट्रैक्टर लेकर दूसरे के खेत की जुताई करने निकले युवक का शव गांव के समीप सीवान में मिलने पर हड़कंप मच गया। युवक का ट्रैक्टर व मोबाइल फोन गायब है। पुलिस को मौके से एक बांका बरामद हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव मटेरा मजरे गंगौली निवासी अंकित सैनी (22) के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे खेत की जोताई करने के लिए एक फोन आया। अंकित ने परिवारीजनों से बताया कि वह थाना क्षेत्र के मुरारपुर मजरे उत्तर गांव में खेत की जुताई करने जा रहा है।
करीब एक घंटे बाद ग्राम पंचायत के झाम सिंह का पुरवा स्थित एक खेत में अंकित का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देख इसकी सूचना संग्रामपुर पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में एकत्र हुए ग्रामीणों ने उसकी पहचान मटेरा निवासी राकेश सैनी के पुत्र अंकित के रुप में की।
सूचना मिलते ही सीओ पीयूष कांत राय व एसएचओ राजीव सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके पर एक बांका मिला है जबकि ट्रैक्टर व मोबाइल गायब मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
सीओ ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। अंकित का गायब मोबाइल स्वीच ऑफ जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने व जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा। अभी परिवारीजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर लिया जाएगा।