सिंहपुर (अमेठी)। शिवरतनगंज क्षेत्र के पूरे बुधई गांव में बुधवार दोपहर बंशीलाल (26) का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां रामकली के मुताबिक बुधवार को वह पड़ोस में किसी काम से गई थीं। पति रामनाथ मजदूरी के लिए बाहर थे और छोटी बहन रामा बड़ी बहन की ससुराल गई थी। इस दौरान बेटे ने घर के अंदर लगे हुक में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पिता रामनाथ ने बताया कि बेटा बंशीलाल कुछ समय से तनाव था और उसका इलाज लखनऊ से चल रहा था।
सुबह वह बकरी चराने गया था और दोपहर में लौटकर अकेले घर में था। इसके बाद उसने यह दुखद कदम उठाया। बंशीलाल की मौत के बाद मां रामकली का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए कहती हैं कि बंशी भले जैसा भी था, लेकिन घर के कामकाज में हाथ बंटाता था। भगवान ने इकलौता सहारा भी छीन लिया। शिवरतनगंज थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।