अमेठी सिटी। संयुक्त जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे ओपीडी शुरू होते ही मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतारें लग गईं। परचा काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष, पैथोलॉजी और एक्सरे तक भीड़ बढ़ गई। दोपहर 12:20 बजे तक मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को अस्पताल में 942 नए मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 350 बुखार, 263 सर्दी-जुकाम और 87 खांसी के मरीज शामिल थे। बढ़ती गर्मी और उमस के कारण वायरल फीवर के मामले भी बढ़े। आंखों में जलन, खुजली और उल्टी-दस्त के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे। भीड़ के कारण अस्पताल की व्यवस्थाओं पर दबाव रहा। मरीजों को पर्ची, जांच और दवा लेने में एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
मरीज ऊर्मिला ने तेज बुखार की शिकायत की, वहीं रामकिशोर बदन दर्द और बुखार से परेशान थे। रीना देवी ने अपने बेटे को बुखार और उल्टी की शिकायत बताई। फिजीशियन अमित यादव ने तेज धूप और उमस को वायरल फीवर व उल्टी-दस्त बढ़ने का कारण बताया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बद्री प्रसाद अग्रवाल ने चिकित्सकों, जांच और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था का आश्वासन दिया।