15 : परतोष : सूखा पड़ा टिकरी रजबहा। -संवाद
- फोटो : AMETHI
परतोष (अमेठी)। नहरों के सहारे खेती करने वाले किसानों की फसलें पानी के अभाव में सूख रही हैं। टिकरी रजबहा से निकली माइनर में पानी न आने से कई बीघा फसल की सिंचाई करने के लिए किसान परेशान हैं।
क्षेत्र के टिकरी रजबहा से निकली माइनर में पानी नहीं आने से किसानों की समस्या बढ़ गई है। इस माइनर से टिकरी, पूरे लाहुर, भगत का पुरवा, लोनियापुर, भैसहवा व दक्षिणी परतोष के सैकड़ों बीघे खेतों की सिंचाई होती है। किसान दिनेश कुमार, पवन कुमार, बाबूलाल मौर्य, ओम प्रकाश यादव व संतराम मौर्य ने बताया कि इस माइनर में दो कारणों से पानी नहीं आता।
पहला टिकरी रजबहा में जब पानी की गति कम रहती है। पानी कम आने पर बीच-बीच में लोग बंधा डालकर पानी रोक लेते हैं। दूसरी वजह माइनर में कई जगह घास-फूस झाड़-झंखाड़ की सफाई नहीं होना है। एक दो जगह ऐसी हैं कि पता नहीं चलता कि इधर से नहर भी गई है। इस माइनर से सैकड़ों बीघे गेहूं व अन्य फसलों की सिंचाई होती है।
गेहूं के बाद उड़द, चरी व मक्का आदि की खेती पानी के अभाव में नहीं हो पाती हैं। निजी ट्यूबवेल से सिंचाई करना बहुत महंगा पड़ रहा है। ऐसे में उरद आदि की बोआई पानी के अभाव में नहीं हो पा रही है। किसानों ने डीएम राकेश कुमार मिश्र से माइनर में पानी छोड़े जाने व इसकी सफाई कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।