गौरीगंज (अमेठी)। बेमौसम हुई बरसात व ओलावृष्टि में अपनी फसल गवां चुके किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए गठित टीम ने बृहस्पतिवार से सत्यापन कार्य शुरू कर दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन शासन को आख्या प्रेषित करेगा।
बरसात व ओलावृष्टि से नष्ट हुई किसानों की फसल की नुकसान का आकलन कर उन्हें क्षतिपूर्ति दिलाने की कोशिश में जुटे डीएम अरुण कुमार ने तहसीलवार तीन सदस्यीय टीम का गठन कर रिपोर्ट तलब की है। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को गौरीगंज, अमेठी, तिलोई व मुसाफिरखाना में गठित टीम ने प्रभावित गांवों में जाकर किसानों की मौजूदगी में उनके खेतों का स्थलीय सत्यापन किया।
सत्यापन के दौरान टीम सदस्यों ने प्रभावित फसल के नुकसान का आकलन करते हुए किसानों के मत को अंकित करते हुए रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन शासन को अपनी आख्या भेजते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नामित कंपनी से किसानों को क्षतिपूर्ति का भुगतान करवाते हुए किसानों के दर्द को कम करने की कोशिश करेगा। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि प्रभावित गांवों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।