अमेठी ब्लॉक में खड़ा काउ कैचर वाहन।
अमेठी सिटी। छुट्टा गोवंशों को पकड़ने के लिए ब्लॉक अमेठी की ओर से करीब छह लाख रुपये की लागत से नई काऊ कैचर वाहन की खरीद की जा रही है। इसके आने के बाद जहां कर्मी बगैर खतरे के निराश्रित गोवंशों को पकड़ सकेंगे। वहीं, गोशाला ले जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। अगले सप्ताह तक वाहन आने की उम्मीद है।
निराश्रित गोवंश शहर, गांव, खेत-खलिहान, सड़क पर हमेशा झुंड में विचरण करते हैं।। इनको गोशालाओं में संरक्षित कराने को लेकर कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। इन गोवंशों में कई हिंसक भी होते हैं, जो पकड़ते समय आक्रामक हो जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों व कर्मियों के घायल होने की सूचनाएं अक्सर आती रहती हैं। इस खतरे को देखते हुए विभाग की ओर से इनको पकड़ने के लिए वाहन की व्यवस्था कराई जा रही है।
ब्लॉक अमेठी की ओर से निराश्रित गोवंशों को पकड़ने के लिए काऊ कैचर वाहन की व्यवस्था कराई जा रही है। जिसमें हाइड्रॉलिक सिस्टम होगा। करीब छह लाख रुपये की लागत से वाहन की खरीद की जा रही है। इस वाहन के आने के बाद सुरक्षित तरीके से गोवंशों को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित करने में आसानी होगी।
बीडीओ विनय वर्मा ने बताया कि वाहन खरीद के लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वाहन अगले सप्ताह में आ जाएगा।