अमेठी। जिला प्रशासन को शनिवार रात मिली 1,838 सैंपलों की रिपोर्ट में 13 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन की कोशिश व जागरूकता के बाद जिले में कोविड-19 संक्रमण की रफ्तार सुस्त पड़ने लगी है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जिला प्रशासन को सोमवार देर रात 25, 26 व 27 नवंबर को अलग-अलग स्थानों से एंटीजन, ट्रूनॉट व रैपिड टेस्ट विधि से 1,838 लोगों की सैंपलिंग रिपोर्ट मिली।
रिपोर्ट में सेल के दो कर्मी समेत 13 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। रिपोर्ट में अस्पताल में भर्ती सात संक्रमित के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज करने की बात कही गई है।
पॉजिटिव मिले लोगों में सेल व एचएएल कॉलोनी के दो-दो कर्मी, शंकरगंज, राजकोट, फुरसतगंज, सराय बरबंड, इंडोगल्फ, वार्ड आठ अमेठी, राजगढ़, लोचनतिवारी का पुरवा के एक-एक स्थानीय शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने पहले से गठित टीमों को संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग तथा प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य युद्धस्तर पर करते हुए संक्रमित क्षेत्र को संक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है।