अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार भोर में डंपर ने एक ट्रक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक व क्लीनर को पुलिस ने बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद केस दर्ज कर पुलिस वाहन व चालक की तलाश में जुटी है।
कानपुर जिले के श्यामनगर निवासी चालक अकील अहमद (40) क्लीनर अमन यादव (20) के साथ ट्रक में प्याज लेकर सुल्तानपुर स्थित अमहट मंडी ले जा रहे थे। वे वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुसाफिरखाना के धरौली गांव के पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने केबिन में फंसे चालक व क्लीनर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने चालक अकील अहमद व क्लीनर अमन को मृत घोषित कर दिया।
चालक व क्लीनर की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी परिवारीजनों के साथ ट्रक मालिक को दी। सूचना पर पहुंचे ट्रक मालिक राम सिंह यादव ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
दोनों शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद पुलिस वाहन व चालक की तलाश में जुटी है। चालक व क्लीनर की मौत के बाद दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।