अमेठी। जिले में पांच मई से शुरू हुआ कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक कराई गई 2,977 लोगों की सैंपलिंग में से 2,217 की रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिल चुकी है। जिले में अभी तक 196 लोग पॉजिटिव पाए गए जिनमें से 70 स्वस्थ हो चुके हैं।
देश में कोरोना महामारी के बीच जिले में पांच मई से शुरू पॉजिटिव मरीजों का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। पांच मई से अब तक हर रोज आ रही रिपोर्ट में कुछ न कुछ पॉजिटिव केस आ रहे हैं।
महामारी के बीच जिला प्रशासन की ओर से अब तक 2,977 लोगों को संभावित कोरोना कैरियर मानते हुए सैंपलिंग कराई गई है। जांच केंद्र से अब तक 2,217 लोगों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को मिल चुकी है। प्राप्त हुई रिपोर्ट में अब तक 196 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से पॉजिटिव मरीजों को एल-वन अस्पतालों में भर्ती कराकर इलाज कराया गया। इलाज के दौरान गुरुवार शाम तक 70 लोगों की दोबारा कराई गई जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेजा जा चुका है।
जिले में शुक्रवार दोपहर तक पॉजिटिव मरीजों की संख्या 113 है। वर्तमान में जिले में 45 हाट स्पॉट सक्रिय हैं। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई लगातार की जा रही है।
पॉजिटिव केस मिलने के बाद संबंधित एरिया को सील कराकर वहां बचाव कार्य कराया जा रहा है। आम लोगों को जागरूक करने के लिए कई जिले में कई कार्यक्रम संचालित हैं। प्रशासनिक अफसरों की ओर से लगातार ग्रामीण व शहरी इलाकों में जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है।