गौरीगंज (अमेठी)। जिला मुख्यालय के शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को जल्द ही पाइप लाइन से रसोई गैस पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) की आपूर्ति होगी। नगर पालिका से एनओसी मिलने के बाद भारत पेट्रोलियम सर्वे कर पाइप बिछाने का काम करवा रहा है। पाइप बिछाने का काम पूरा होने के बाद 40 हजार से अधिक आबादी को पाइप लाइन से रसोई गैस मिल सकेगी।
बता दें कि 2015 में गौरीगंज कस्बे के नगर पालिका घोषित किया गया। नगर पालिका में दस ग्राम पंचायत व 12 राजस्व गांव शामिल हुए थे। इनमें कटरालाल, माधवपुर, बरनाटीकर, पचेहरी, विशुनदासपुर, राजगढ़, हरखपुर, असैदापुर, बलीपुर खुर्दवा, मिश्रोली, पलिया व चौहान गांव थे। नगर निकाय का गठन होने के बाद से ही शासन यहां रहने वालों को नगरीय क्षेत्र की सुविधाएं देने की कवायद में जुटा है।
नई कवायद पाइप लाइन से रसोई गैस की आपूर्ति की चल रही है। बताया जा रहा है कि 40 हजार की आबादी वाले नगर पालिका गौरीगंज के 25 वार्ड के 9,648 मकानों की रसोई तक पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति करेगी।
कंपनी के कर्मचारियों ने पाइप लाइन बिछाने से पहले घर-घर सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। नामित संस्था के सदस्य वार्डों में घर-घर जाकर इच्छुक व्यक्तियों से फार्म भरवाने के पास सर्वे करने वाले कर्मचारी लोगों के आधार कार्ड व गैस कनेक्शन पासबुक की छायाप्रति भी जमा करा रहे हैं।
बनेगा प्लांट
रसोई गैस की आपूर्ति के लिए प्लांट स्थापित किया जाना है। नगर पालिका के आसपास जमीन की तलाश भारत पेट्रोलियम कर रहा है। नगर पालिका में स्टोरेज प्लांट स्थापित होने तक जगदीशपुर से घर-घर रसोई गैस की आपूर्ति भारत पेट्रोलियम द्वारा की जाएगी। वर्तमान समय में नामित कंपनी घर-घर पर पाइप बिछाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही पाइप बिछाने का काम पूरा कर कनेक्शन देते हुए लोगों को सहूलियत दी जाएगी। पेट्रोलियम के अधिकारी जितेंद्र ने बताया कि काम चल रहा है।
कनेक्शन लेने वालों के घर लगेगा मीटर
- बिजली बिल की तरह रसोई गैस का मीटर उपभोक्ताओं के मकान पर लगाया जाएगा। उपभोक्ताओं द्वारा दो महीने में जितनी यूनिट रसोई गैस प्रयोग की जाएगी, उसी के अनुसार कंपनी की ओर से बिल देकर भुगतान लिया जाएगा। माना जा रहा है कि इसका खर्च सिलिंडर से कम होगा। पाइप लाइन पहुंचाने में आने वाला खर्च को कंपनी के मासिक किस्त में वसूल करेगी।
सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने को कहा
घर-घर रसोई गैस के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम भारत पेट्रोलियम करा रही है। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किया गया है। पाइप लाइन बिछाते समय नाली, खड़ंजा आदि क्षतिग्रस्त नहीं होने देने व सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने को कहा गया है।
- अवनीश कुमार शुक्ल, अधिशासी अभियंता-नपा गौरीगंज