गौरीगंज में टिकट के लिए लाइन में लगे लोग
अमेठी सिटी। गौरीगंज, अमेठी व निहालगढ़ रेलवे स्टेशनों के आरक्षण केंद्र पर कन्फर्म टिकट के लिए प्रतिदिन लोगों की लंबी कतार लग रही है। दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में सीटें फुल होने से लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। लोग तत्काल कोटे से कन्फर्म टिकट के लिए घंटों स्टेशन पर बिता रहे हैं।
लखनऊ-सुल्तानपुर रेल ट्रैक पर निहालगढ़ होकर गुजरने वाली मुंबई रूट की ट्रेनों में 13 सितंबर के लिए प्रतीक्षा सूची 253 है। तुलसी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची 120 है। जबकि श्रमजीवी एक्सप्रेस में 20 सितंबर तक प्रतीक्षा सूची 57 है। आनंद बिहार दिल्ली को जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस में सितंबर माह में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा सौ के ऊपर है।
सद्भावना एक्सप्रेस में प्रतीक्षा सूची 75 है। इसके अलावा हावड़ा से देहरादून को जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस में भी प्रतीक्षा सूची 98 है। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर मुबंई के संचालित उद्योग नगरी में अक्तूबर तक प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा सौ के पार है। काशी विश्वनाथ व पद्मावत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में भी 10 सितंबर तक एक भी दिन सीट खाली नहीं है।
दिल्ली या मुंबई की यात्रा करने वाले लोग तत्काल कोटे से टिकट बुक करवाने के लिए रातभर स्टेशन पर कतार लगा रहे हैं। अधिकतर लोगों को निराश होना पड़ रहा है।
बुधवार को गौरीगंज में टिकट बुक करवाने आए रानीपुर गांव निवासी बलभद्र कुमार ने बताया कि मुंबई के लिए तत्काल कोटे का टिकट बुक करवाने आए थे लेकिन पांचवां नंबर से होने से टिकट नहीं मिल पाया। बृहस्पतिवार को दोबारा कोशिश करेंगे। सुजानपुर निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि दिल्ली जाना था, लेकिन तत्काल कोटे का टिकट नहीं मिल पाया।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि 90 दिन पहले से बुकिंग होने से इन दिनों ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची बढ़ गई है। तत्काल कोटे का टिकट प्रतिदिन समय पर बुक हो रहा है।