अमेठी सिटी। परिजनों की शिकायत पर सोमवार को सीएमओ की ओर से गठित टीम नर्सिंग होम में मासूम के इलाज में हुई लापरवाही के आरोपों की जांच करने पहुंची। परिजनों ने अमेठी शहर स्थित एक नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस व स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की थी।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गांव बंदोइया निवासी रेनू के 11 माह के पुत्र अयांश की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई थी। वह बेटे को शहर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गई थीं। आरोप है कि उपचार के बाद अस्पताल के चिकित्सक ने दवा के साथ ड्राॅप देते हुए घर जाकर पिलाने को कहा था।
घर पहुंचने के बाद अयांश को दवा पिलाई तो उसकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। रेनू बेटे को लेकर दोबारा अस्पताल गईं जहां से बेटे को सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। आरोप है कि नर्सिंग होम के चिकित्सकों ने उनसे दवाएं छीन लीं। फिलहाल केजीएमयू लखनऊ में बच्चे का इलाज चल रहा है।
पीड़ित अयांश के मामा दीपक ने मामले की शिकायत पुलिस व स्वास्थ्य विभाग से की थी। शिकायत के बाद सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद और डॉ. पीके उपाध्याय को जांच के लिए नामित करते हुए टीम गठित की थी। सोमवार को नामित दोनों चिकित्सक जांच करने नर्सिंग होम पहुंचे। टीम ने बताया कि अभी जांच चल रही है। सीएमओ डॉ. अंशुमान ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।