अमेठी सिटी। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन के लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रभात कुमार ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए राज्य सरकार से संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना अल्पसंख्यक वर्ग के मुस्लिम, सिख, इसाई, जैन, बौद्ध एवं पारसी के छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
ऑनलाइन आवेदन करते समय, छात्र-छात्राओं को अपने प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बैंक खाता विवरण प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। स्कूल की ओर से मास्टर डाटा तैयार करने की तिथि 10 जुलाई से दो सितंबर तक है। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से मास्टर डाटा का सत्यापन करने की तिथि 11 जुलाई से छह सितंबर तक है।
छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन की तिथि 10 जुलाई से 31 अक्तूबर तक है। शैक्षिक संस्थानों से ऑनलाइन आवेदन के सत्यापन एवं अग्रसारित करने की तिथि 11 जुलाई से 18 नवंबर तक है। जिला समिति से शुद्ध डाटा को डिजिटल सिग्नेचर से लॉक या अग्रसारित करने की तिथि 29 नवंबर से 27 जनवरी तक है।