अमेठी सिटी। बस यात्रियों के लिए ये अच्छी खबर है। अब स्मार्टफोन की स्क्रीन पर यूपी राही एप के जरिए रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन देखी जा सकेगी। इसके साथ ही टिकट बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी। परिवहन निगम ने बसों में जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) लगाया है। सभी बसों को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। यात्री इस एप को डाउनलोड कर बसों की वास्तविक स्थिति और सीट उपलब्धता देख सकेंगे।
यूपी राही, मार्गदर्शी या यूपीएसआरटीसी एप में बस नंबर डालते ही उसकी लाइव स्थिति दिखाई देगी। रेलवे की तरह बस में बैठने से पहले सीट बुक की जा सकेगी। अमेठी डिपो की अधिकतर बसें इस प्रणाली से जुड़ चुकी हैं। बाकी पर काम जारी है। यात्री यूपीएसआरटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। बस की लाइव ट्रैकिंग देखने में सुविधा मिलेगी और उन्हें बस स्टेशन पर लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एआरएम काशी प्रसाद ने कहा कि बसों में जीपीएस लग चुका है। सभी वाहनों को एप से जोड़ने की तैयारी पूरी है। लाइव ट्रैकिंग शुरू हो रही है। एप से यात्रियों को आसान और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ऐसे होगी लाइव ट्रैकिंग
-रूटवार बसों की सूची मिलेगी।
- किस बस की लोकेशन कहां है, यह पता चलेगा।
- गंतव्य तक पहुंचने का अनुमानित समय दिखाई देगा।
- सीट उपलब्धता की जानकारी मिलेगी।
- अगला स्टॉपेज और ठहराव की स्थिति भी दिखाई देगी।
- पीछे आ रहीं बसों की जानकारी भी मिलेगी।