शाहगढ़/जामों। बाइक सवार जामों के पूरे दिनई मिश्र गांव निवासी चाऊमीन विक्रेता दीपू पांडेय (20) की बुधवार रात जगदीशपुर-गौरीगंज मार्ग पर लालूपुर गांव के पास एक वाहन से भिड़ंत हो गई। गंभीर हालत में घायल बाइक सवार को एम्स रायबरेली रेफर किया गया। जहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन की तहरीर पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर हादसे का कारण बने वाहन व चालक की तलाश में जुटी है।
सुल्तानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के खाझापुर मढ़हा गांव निवासी निशा शुक्ला के मुताबिक, उनका भाई दीपू जामों कस्बे में चाऊमीन का स्टॉल लगाते थे। बुधवार को दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से पेट्रोल भरवाने निकले थे। पेट्रोल पंप से लौटते समय लालूपुर गांव के पास उनकी बाइक को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दीपू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से दीपू को रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। जहां ले जाते समय रास्ते में ही दीपू की मौत हो गई। इंस्पेक्टर जामों विनोद सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन व चालक की पहचान की जा रही है।
बिलख रहीं बहनें, भाई गमगीन
दीपू की मौत के बाद बहन निशा व नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई शनि भी गमगीन हैं। मां मंशा देवी इलाज के सिलसिले में सूरत में रहने वाले बड़े बेटे विपुल के पास गई हुई हैं। बेटे की मौत की सूचना के बाद वह घर लौट रही हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।