अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस भेजी गई है। मिली नोटिस के निस्तारण के लिए बृहस्पतिवार को ब्लॉक व तहसील परिसरों में शिविर लगाकर नामित एआरओ ने मतदाताओं से अभिलेख लेकर मतदाताओं की समस्या का निस्तारण किया। इस दौरान कई युवाओं ने नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म छह भरकर भी बीएलओ के पास जमा कराए।
गौरीगंज ब्लॉक सभागार में जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव और एआरओ ने एसआईआर सूची के नो मैपिंग मामले की सुनवाई की। मौके पर नोटिस के साथ पहुंची गीता, सुमन मिश्रा, दयावती, भारती, गीताजंलि, रामरती आदि ने बताया कि बीएलओ की ओर से नोटिस देकर आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर नकल आदि लेकर नोटिस के साथ ब्लॉक में अभिलेख सत्यापन के लिए बताया गया था। वहीं अंजू सिंह, गायत्री, राम खेलावन, दीपक, उमाशंकर, निर्मला, अनीता, छेदी लाल आदि ने भी बताया कि नोटिस मिलने के बाद वह बताए गए अभिलेख लेकर यहां आएं हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं। एआरओ ने अभिलेख जमाकर कर लिया है। एडीएम अर्पित गुप्ता ने कहा कि लगातार शिविर लगाकर नोटिस की सुनवाई कर नामित अफसरों की ओर से निस्तारण कराया जा रहा है। कहा कि छह फरवरी तक दावा आपत्तियां ली जाएगी।