अमेठी के अलीनगर में हाईवे पार कर रहे चौकीदार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की बहन की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर अलीनगर गांव के पास बुधवार रात सड़क पार कर रहे राजेश गुप्ता (45) अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश को ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
राजेश की बहन सलोनी ने बताया कि वह रात भोजन के बाद गांव के पास स्थित एक मैरिज लॉन की रखवाली करने जा रहे थे। हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार वाहन चालक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। आनन फानन मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया।
एसओ तनुज पाल ने बताया कि बहन सलोनी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वाहन और चालक की तलाश की जा रही है, जल्द गिरफ्तारी संभव है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
पिता की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजेश गुप्ता के निधन के बाद पत्नी रामावती बेसुध हैं। बेटा विष्णु (18), अंशू (15), अंशुमान (12) गहरे शोक में हैं। बेटी शिल्पी विवाहित है, लेकिन पिता की मौत से वह भी टूट गई है। बहन सलोनी ने दाह संस्कार की तैयारी शुरू की, लेकिन परिजन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और शव का इंतजार करते बिलखते रहे।