अमेठी सिटी। डीएम निशा अनंत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आगामी त्योहारों को लेकर अफसरों, धर्म गुरुओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप गणेशोत्सव, मिलाद-उन-नबी और आने वाले त्योहारों को मनाएं।
कहा कि पूजा पांडालों व मंच की स्थापना की अनुमति प्रदान करने से पूर्व आयोजक यह सुनिश्चित करा लें, कि पूजा पंडाल व मंच की स्थापना से सार्वजनिक आवागमन प्रभावित न हो। मूर्तियों के विसर्जन में यथासंभव छोटे वाहनों का प्रयोग किया जाए। विसर्जन के रूट प्लान, विसर्जन स्थलों का चिन्हांकन, अधिकतम व्यक्तियों की संख्या का निर्धारण जैसे बिंदुओं की पूर्व में ही योजना बना ली जाए।
कहा कि त्योहार के दौरान बिजली, पेयजल एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि अराजक तत्वों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए रखें। अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई करें। बैठक में सीएमओ डॉ अंशुमान सिंह, एडीएम अर्पित गुप्ता, एएसपी हरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।