फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: पानी भरने के विवाद में युवक की पीटकर हत्या

Tue, 10 Sep 2024 04:06 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
संतोष कुमार (फाइल फोटो)
विज्ञापन
जायस (अमेठी)। थानाक्षेत्र के गंगाराम का पुरवा गांव में रविवार की रात पानी भरने के विवाद में एक युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने दंपती सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया और आरोपियों की तलाश में जुटी है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मंगलवार को अंतिम संस्कार होने की जानकारी के बाद एहतियातन गांव में पुलिस तैनात है।
विज्ञापन

जायस कोतवाली क्षेत्र के गंगाराम का पुरवा गांव निवासी संतोष यादव (25) घर के पास ही लगे हैंडपंप पर रविवार देर शाम पानी भरने गया था। तभी हैंडपंप के पास रहने वाले राजकरन और उसके परिजनों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर इन लोगों ने संतोष पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल संतोष को परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहा थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी व पिता ने गांव के ही राजकरन, उसकी पत्नी सुमन सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया। संतोष की मौत के बाद आरोपी फरार हैं। मंगलवार को मृतक का अंतिम संस्कार होगा। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसओ रवि सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
छिन गया परिवार का सहारा
संतोष की मौत के बाद पत्नी माधुरी अचेत हो गई। होश आने पर लगातार पति को याद कर रो रही है। रोते हुए कह रही है की दो वर्ष की बेटी सान्या व गर्भ में पल रहे शिशु का अब क्या होगा। बहन सुषमा, रूपा व सुभासिनी इकलौते भाई को खोने से गमगीन हैं। पिता रामदेव बेटे को खोने से दुखी हैं और उनकी आंखें सवाल कर रही हैं कि अब कौन सहारा देगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें