अमेठी सिटी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में गौरीगंज कोतवाली पुलिस ने 11 डीजे संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक डीजे वाहनों पर 18 से 33 तक साउंड और 32 से 45 तक ट्वीटर हॉर्न लगे थे। पुलिस ने संचालकों से आवाज कम करने को कहा था, इसके बाद भी डीजे तेज आवाज में बजते रहे। आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और एंबुलेंस से आने-जाने वाले मरीजों के तीमारदारों ने तेज आवाज से परेशानी होने की शिकायत की थी।
उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव की तहरीर के अनुसार 26 अक्तूबर को वह पुलिस टीम के साथ सब्जी मंडी तिराहे से हनुमान तिराहे तक भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान मुसाफिरखाना मोड़, सब्जी मंडी तिराहा, जीजीआईसी मोड़ और पुलिस ऑफिस तिराहे के आसपास दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के साथ तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे थे।
पुलिस टीम ने डीजे संचालकों को आवाज कम करने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद भी संचालकों ने आवाज कम नहीं की। तहरीर में महेश डीजे, राजेश आरती डीजे, श्याम डीजे, रौनक डीजे, सम्राट डीजे, रोहित डीजे, आशीष डीजे, ताज रेडियो कंपनी और कृष्णा म्यूजिक समेत 11 संचालकों का नाम है। कुछ अन्य डीजे संचालकों की पहचान की जा रही है। क्षेत्राधिकारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सरवणन टी ने बताया कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।