अमेठी। लॉकडाउन में ग्रामीणों की आर्थिक परेशानी दूर करने के लिए मनरेगा योजना में मानव दिवस सृजित करने के मामले में बीडीओ लापरवाही बरत रहे हैं। निर्देश के बावजूद ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप दिवस सृजित नहीं होने पर सीडीओ ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब देने के साथ मांग के अनुरूप दिवस सृजित कर लोगों को रोजगार देने का निर्देश दिया है।
लॉकडाउन में दूसरे प्रांतों से अपने घर लौटे लोगों की आर्थिक परेशानी दूर करने के लिए मनरेगा योजना के तहत रोजगार मुहैया करवाने की कोशिश चल रही है। शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में सोशल डिस्टेंसिंग व बचाव सामग्री प्रयुक्त करते हुए महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम के तहत काम करवाने का निर्देश सीडीओ प्रभुनाथ ने सभी बीडीओ को दिया था।
निर्देश के बाद ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों की समीक्षा के दौरान गांव में मांग के अनुरूप मानव दिवस सृजित नहीं होने का मामला प्रकाश में आया। मांग के अनुरूप दिवस सृजित नहीं होने पर सीडीओ ने सभी बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए ग्राम पंचायतों में मांग के अनुरूप दिवस सृजित कर सोशल डिस्टेंसिंग व बचाव के लिए मास्क का प्रयोग कराते हुए लोगों को रोजगार मुहैया करवाने तथा जवाब देने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा मांग के अनुरूप मानव दिवस सृजित नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।