पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के भाई और बहू विजयी
अमेठी। जेल में निरुद्ध पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के परिवारीजनों पर क्षेत्र की जनता ने भरोसा जताया है। मंत्री के भाई रामशंकर प्रजापति ग्राम पंचायत परसावां से ग्राम प्रधान का चुनाव लड़े और 240 मतों से विजय हासिल की। वहीं पूर्व मंत्री के भतीजे अरुण प्रजापति की पत्नी रेनू प्रजापति वार्ड नंबर 27 से जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ीं और सात हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज हासिल करने में कामयाब रहीं।
एक ग्राम पंचायत में लाटरी से परिणाम
बाजार शुकुल (अमेठी)। पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान ग्राम पंचायत छज्जू मोहिद्दीनपुर में प्रधान पद पर दो प्रत्याशियों का मत बराबर निकले। प्रधान पद के लिए जगदंबा प्रसाद व पारसनाथ को 369-369 वोट मिले। आरओ हरिओम मिश्र व मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित बलवीर सिंह ने लॉटरी के माध्यम से परिणाम घोषित करने का निर्णय लिया। दोनों के नाम की पर्ची डाली गई जिसमें पारसनाथ विजयी हुए। इसके बाद छज्जू मोहिद्दीनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान पद का प्रमाण पत्र पारसनाथ को सौंपा गया।
मौत के बाद मिली जीत
जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय विकास खंड के सिधियावां गांव में अन्य प्रत्याशियों के साथ अहमदुल निशा ने भी प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। मतदान के बाद अहमदुल निशा की मौत हो गई। अहमदुल निशा की मौत के बाद रविवार को हुई मतगणना में उन्हें विजयी घोषित किया गया। अहमदुल को 495 व उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी उजमा को मात्र 350 मत ही मिले। इस गांव में चुनाव लड़ने वाले तीन प्रत्याशियों को शून्य, तीन प्रत्याशियों को दो-दो व एक प्रत्याशी को मात्र तीन वोट मिले। एक प्रत्याशी को 18 व एक को 71 वोट मिले।