संवाद न्यूज एजेंसी भादर (अमेठी)। करीब 50 हजार आबादी के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग पर स्थित मालती नदी पर पुल बनेगा। शासन ने निर्माण कार्य की मंजूरी के साथ ही 4.10 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग निविदा प्रक्रिया पूरी करने की कवायद में लगा है। अभी लोगों को आवागमन के लिए करीब 12 किमी का चक्कर लगाना पड़ता है।
ग्रामीण लंबे अरसे से मालती नदी पर पुल बनवाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों के सामने भी मामला उठाया। आखिरकार ग्रामीणों की मांग व संघर्ष रंग लाया। पिछले दिनों लोक निर्माण विभाग ने पुल निर्माण के लिए सर्वे करवाया था।
सर्वे के बाद विभाग ने अमटाही-शंकरगढ़ मार्ग पर मालती नदी लघु सेतु, पहुंच मार्ग व अन्य सुरक्षात्मक कार्य के लिए चार करोड़ दस लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव संग अनुमानित आगणन को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए धनराशि भी जारी कर दी। धनराशि जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग निविदा प्रकाशित कर नियमानुसार ठेकेदार का चयन कर 12 माह में प्रस्तावित कार्य पूरा करवाने की कवायद में लगा है।